फोटो 11जेएनडी06-सीआरएसयू में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद वक्ता और छात्र-छात्राएं। स्रोत विवि
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) में शुक्रवार को राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन एवं समाजशास्त्र विभागों की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए संयुक्त रूप से इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभागीय गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विभाग के चेयरपर्सन प्रो. कुलदीप नारा, डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. अनिल और एग्जाम कंट्रोलर डॉ. राजेश बंसल ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
विभागीय इंचार्ज डॉ. जसबीर लोहान एवं डॉ. मंजू ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के दौरान शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखने, नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने और अध्ययन के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. अनिल ने पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री, ई-लाइब्रेरी तथा विभिन्न डिजिटल संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी। एग्जाम कंट्रोलर डॉ. राजेश बंसल ने परीक्षा प्रणाली, नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
प्रो. कुलदीप नारा ने कहा कि अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी अपने शैक्षणिक जीवन की मजबूत शुरुआत कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही संबंधित विषयों, विभागीय गतिविधियों, अकादमिक अवसरों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।