वाहनों की भीड़भाड़ से परेशान शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। पिंडारा गांव के पास 12 एकड़ में बनने वाले नए बस स्टैंड को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।
अब मामला वित्त विभाग में अटका है, जहां से किसानों के मुआवजे के लिए राशि डाली जानी है। इसके लिए भी प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है।
करीब तीन साल पहले शहर के बड़े बाईपास पर 40 एकड़ में बस स्टैंड और पार्किंग बनाने की योजना बनी थी। शहर के मास्टर प्लान 2031 में इसकी योजना बनी, लेकिन बस स्टैंड की जमीन को घटाकर 12 एकड़ कर दिया गया।
यह मामला लगातार राजनीतिक उपेक्षा की भेंट चढ़ता रहा, लेकिन अब इसे स्वीकृति मिल गई है।
सरकार बनने के बाद आई तेजी
पिछले साल प्रदेश में सरकार बदलने के बाद बस स्टैंड के काम में तेजी आई और प्रशासन ने दोबारा बस स्टैंड निर्माण की फाइल को प्रस्तुत किया तो सरकार ने इस पर कवायद शुरू की। अब सरकार ने नए बस स्टैंड बनाने को हरी झंडी दे दी है।
हो चुका है सेक्शन चार और छह
पिंडारा गांव के पास बनने वाले नए बस स्टैंड के लिए सरकार द्वारा सेक्शन चार और छह लगाया जा चुका है। सेक्शन छह के तहत सरकार जमीन चिन्हित कर उसे अधिग्रहित करने का अंतिम फैसला ले लेती है।
इसके बाद सेक्शन नौ की प्रक्रिया होती है, जिसमें जमीन मालिकों को मुआवजा दिया जाता है।
शहर के विकास को मिलेगी नई गति
पिछले दस वर्षों में जींद की उपेक्षा हुई है। अब इस उपेक्षा को दूर किया जाएगा। इसके तहत ही नए बस स्टैंड के बनने के रास्ता साफ हो गया है। शहर की अन्य विकास योजनाओं पर भी जल्द ही काम शुरू होगा।
आने वाले समय में जींद जिला की तस्वीर ही बदल जाएगी।
डॉ. राज सैनी जिलाउपाध्यक्ष भाजपा।
शहर को मिलेगी राहत
फिलहाल रोडवेज की बसें शहर के बीचोंबीच चलती हैं। हिसार, बरवाला, कैथल, नरवाना व भिवानी जाने वाली बसें पूरे शहर से गुजरती हैं। नया बस स्टैंड बनने के बाद इन बसों को बाईपास से ही निकाला जाएगा, जिससे काफी राहत मिलेगी।
समय की होगी बचत
नया बस स्टैंड बनने के बाद बाईपास के रास्ते बसें और बस स्टैंड तक जाने वाले अन्य वाहन बाईपास से जाएंगे। शहर में बसों की इंट्री होने से जाम की समस्या से लोगों से निजात मिलेगी। इससे समय बचेगा।
जल्द बने बस स्टैंड
शहर को नए बस स्टैंड की सख्त जरूरत है। पटियाला चौक से पुराने बस स्टैंड तक पहुंचने में भीड़ के कारण काफी समय लग जाता है। इससे काफी परेशानी होती है। नया बस स्टैंड जल्द बनना चाहिए।
महेंद्र पहल
लंबे समय से अटका है मामला
बस स्टैंड का मामला लंबे समय से अटका है। बस स्टैंड बनेगा तो बाईपास के दिन बदलेंगे और इस बजन बनने की उम्मीद बढ़ जाएगी। लोगों को काफी लाभ होगा।
जल्द मिलेगी राशि
नए बस स्टैंड के लिए स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन किसानों को मुआवजा देने के लिए राशि का इंतजार है। इसके लिए अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है, जल्द ही यह राशि मिल जाएगी। इसके बाद बस स्टैंड निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
विनय सिंह डीसी, जींद।