हरियाणा के जींद के एकलव्य स्टेडियम में 28 जनवरी को हुई आम आदमी पार्टी की बदलाव जनसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल पूछने निकले नवीन जयहिंद को पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास रोक लिया।
उन्होंने कहा कि यदि दोनों मुख्यमंत्री एसवाईएल को लेकर बयान देंगे तो वह उनको एक-एक लाख रुपये इनाम में देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि दोनों मुख्यमंत्री एसवाईएल का निर्माण करके पानी हरियाणा में ले आएं तो उनको 11-11 लाख रुपये देंगे। नवीन जयहिंद शनिवार को ही रोहतक से जींद के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर रवाना हो गए थे।
देर शाम को उनको जुलाना के पास पुलिस ने रोक लिया था। इसके बाद वह जींद पहुंच गए। सुबह यहां गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के पास एक स्कूल में रुके। दोपहर 12 बजे वह यहां से रैली स्थल के लिए निकलकर एक बजे पुराना बस स्टैंड के पास पहुंचे। यहां पर पुलिस ने उनको रोक लिया और आगे नहीं जाने दिया।
नवीन जयहिंद ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, लेकिन आज तक उन्होंने एसवाईएल को लेकर हरियाणा का हक नहीं दिया। यदि वह इतनी ही लोगों का ख्याल रखती है तो हरियाणा के किसानों को उनका हक क्यों नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस समय पानी पीने लायक नहीं बचा है।
स्थिति यह है कि शराब पीने वाले 10 साल तक जी सकते हैं, लेकिन यहां का पानी पीने वाले पांच साल में ही मर जाएंगे, इसलिए हरियाणा के लिए एसवाईएल का पानी बहुत जरूरी है। जयहिंद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुना दिया है, अब इसे लागू करना पहले पंजाब सरकार की जिम्मेदारी है। उसके बाद केंद्र सरकार की जिम्मेदारी, लेकिन पंजाब सरकार इस फैसले को लागू नहीं कर रही।
हरियाणा के लोग खुद्दार हैं, गद्दार नहीं। प्रदेश के लोग न्याय मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसवाईएल पर सभी पार्टियां राजनीति कर रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल को अदालत के बाहर बैठ जाना चाहिए और फैसले को लागू करवाने की मांग करनी चाहिए।