नरवाना। छोटे से गांव बेलरखा का नाम अब खेल जगत में नई पहचान बना रहा है। राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय बेलरखा में आबंटित फुटबॉल खेल नर्सरी अब गांव के बच्चों के लिए सुनहरा अवसर साबित हो रही है। यहां के बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं।
कोच सतपाल की लगन और बच्चों की मेहनत का नतीजा है कि इस नर्सरी से निकलने वाले कई खिलाड़ी फुटबॉल में आज राष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं। इन खिलाड़ियों ने न केवल स्कूल और जिलास्तर पर बल्कि राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया है।
कोच सतपाल विधान ने बताया कि फुटबॉल के प्रति बच्चों में जुनून देखते ही बनता है। विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों को सही दिशा और अवसर मिले तो ग्रामीण क्षेत्र से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं।
बाॅक्स
प्राचार्य बलजीत सिंह गोयत ने कहा कि यह फुटबॉल नर्सरी अब बच्चों के भविष्य की नई राह खोल रही है और आज इस मैदान में 200 से अधिक फुटबॉल खिलाड़ी मेहनत करते नजर आते है। आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन करेंगे, ऐसा विश्वास गांव के लोगों ने जताया है।
बेलरखा फुटबॉल नर्सरी के होनहार खिलाड़ी
अमनदीप–अंडर-20 भारत टीम में चयन
अंशुल गोयत–सुब्रतो कप और एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी
रोहित–अंडर-16 (सैफ) इंडिया टीम में चयन
रघुचंद–खेलो इंडिया नेशनल, एसजीएफआई नेशनल, बीसी रॉय ट्रॉफी, सुब्रतो कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन
विक्रम–सुब्रतो कप और संतोष ट्रॉफी में प्रतिभागी
विवेक–एसजीएफआई नेशनल, सुब्रतो कप और रिलायंस कप में शानदार प्रदर्शन
कमल–आई-लीग, एसजीएफआई नेशनल और सुब्रतो कप में भागीदारी
साहिल–रिलायंस कप और सुब्रतो कप में शानदार खेल
विनय–सुब्रतो कप और एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभागी