07जेएनडी27-दडा़ मोहल्ला स्थित ब्राह्मण चौपाल में उपस्थित मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। संवाद
नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शहर के दड़ा मोहल्ला स्थित ब्राह्मण चौपाल में धन्यवादी दौरे के दौरान आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि नरवाना को विकास का हब बनाया जाएगा क्योंकि अक्तूबर 2024 में जब से उन्होंने मंत्री पद का कार्यभार संभाला है तब से नरवाना में करीब 500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजना मंजूर हुई है। शहर के लोगों की वर्षों से दबलैन फाटक पर आरओबी की मांग लंबित थी जिसका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसे जल्द ही आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा करीब 40 वर्ष पहले बने बस स्टैंड का भवन नया बनवाया जाएगा और इस प्रोजेक्ट की मंजूरी सरकार से मिल गई है। नागरिक अस्पताल का भी जीर्णोद्धार करवाया जाना प्रस्तावित है और इसमें अति आधुनिक एवं उच्च तकनीकी युक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपचार से संबंधित सेवाए उपलब्ध होगी। इस मौके पर डॉ. वंदना शर्मा, पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, चेयरपर्सन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, बलदेव वाल्मीकि, सुरेश दनौदा, दिनेश गोयल, सत्यवान शर्मा मौजूद रहे।
सीवरेज समस्या से मुक्ति के लिए बिछ रही 27 किमी. लंबी पाइप लाइन
शहर के लोगों को जलभराव एवं सीवरेज की समस्या से स्थाई मुक्ति मिल जाएगी। इसको लेकर 27 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। उन्होंने आयोजकों की ओर से रखी सती माता मंदिर तक सड़क निर्माण, ब्राह्मण चौपाल का जीर्णोंद्धार, पेयजल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति व सीवरेज व्यवस्था संबंधित सभी मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया।