नरवाना। उत्तर रेलवे के डायरेक्टर एसके श्रीवास्तव ने मंगलवार को नरवाना रेलवे स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने रेलवे अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डायरेक्टर ने निरीक्षण के बाद ठेकेदार को कहा कि अब तक स्टेशन भवन के सामने की सड़क का कार्य शुरू क्यों नहीं हुआ, अधिक मजदूरों को लगाकर इस कार्य को जल्द शुरू करवाया जाए और जल्द से जल्द पूरे रेलवे स्टेशन परिसर के अंदर ग्रीनरी की व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाए।
यदि साथ-साथ में पेड़ पौधे और पार्क की सुविधा नहीं की गई तो फिर बाद में यह पौधे बड़े होने में समय लेंगे। वहीं उसके बाद डायरेक्टर श्रीवास्तव ने स्टेशन की बिल्डिंग के अंदर मौजूद महिला व पुरुष शौचालयों का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद स्टेशन मास्टर रणधीर सिंह को निर्देश दिए की सभी टॉयलेटों के अंदर पानी भरवा कर यह यह सुनिश्चित किया जाए की टॉयलेट के अंदर का पानी प्लेटफार्म की तरफ न आए। टॉयलेट के अंदर का पानी वहीं सीवरेज के अंदर ही जाना चाहिए। इसके बाद ही इनको सुचारू रूप से शुरू किया जाए।
साथ ही उन्हें बताया गया कि स्टेशन पर दो लिफ्ट सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं। अगर ये सिस्टम कामयाब रहे तो इसके बाद एक्सीलेटर सीढ़ियां भी लगा सकते हैं।
पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
डायरेक्टर श्रीवास्तव ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि स्टेशन का निर्माण कार्य समय पर पूरा हो ताकि इसका उद्घाटन सितंबर-अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करवाया जा सके। स्टेशन पर सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया, टिकट काउंटर और पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदारों को साफ निर्देश दिए कि कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए।
गेट चौड़ीकरण पर चल रही बातचीत
स्टेशन के मुख्य द्वार को और चौड़ा करने को लेकर श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल वन-वे सिस्टम से काम चला रहे हैं। एक ओर से एंट्री और दूसरी ओर से एग्जिट है। गेट को बड़ा करने व स्टेशन के मैन गेट पर बनी दोनों तरफ की दुकानों को लेकर नगर परिषद से बातचीत चल रही है। जल्द ही इस दिशा में भी ठोस कदम उठाया जाएगा।
वर्जन
स्टेशन के नवीनीकरण के बाद यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इनमें डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, बैठने की बेहतर व्यवस्था और सुलभ पहुंच मार्ग शामिल हैं। इससे नरवाना रेलवे स्टेशन को एक आधुनिक स्टेशन के रूप में नई पहचान मिलेगी।
-एसके श्रीवास्तव, डायरेक्टर, उत्तर रेलवे