30जेएनडी24: जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दिखाई देता लिखा पत्र। संवाद
कस्बे के डाहौला गांव निवासी एक व्यक्ति ने नगूरां स्थित निजी अस्पताल संचालक, उसकी पत्नी व एक अन्य पर दवा की ओवरडोज देकर उसकी पत्नी को मारने के आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत सीएम विंडो पर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने सीएम विंडो की शिकायत के आधार पर सीएमओ के आदेशानुसार नागरिक अस्पताल जींद से डाॅ. विनीता, डाॅ. हीना के नेतृत्व में बोर्ड का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएम विंडो को दी शिकायत में डाहौला निवासी राजकुमार ने बताया कि उसकी पत्नी सरोज को गर्मी की शिकायत के चलते नगूरां स्थित निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था। इस दौरान उसकी पत्नी सरोज को निजी अस्पताल के संचालक, उसकी पत्नी व एक अन्य ने दवाई की ओवरडोज देकर व टीका लगाकर मौत के घाट उतार दिया। पीड़ित ने निजी अस्पताल के संचालक पर अन्य गांवों के दूसरे लोगों को भी दवा के ओवरडोज से जान लेने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर राजकुमार ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
वर्जन
डाहौला निवासी एक व्यक्ति की सीएम विंडो पर दी शिकायत के आधार पर नगूरां के निजी अस्पताल संचालक व अन्य के खिलाफ जांच के लिए चिकित्सकों का बोर्ड गठित कर दिया है। जांच के लिए दोनों पक्षों को बुलाया है। जांच के बाद जो भी स्थिति स्पष्ट होगी, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. पालेराम कटारिया, डिप्टी सीएमओ, नागरिक अस्पताल, जींद