नगर कीर्तन की अगुवाई करते पंज प्यारे। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। नौवीं पातशाही गुरु तेग बहादुर साहिब का 400 साला शहीदी गुरु पर्व बुधवार को मनाया गया। इस उपलक्ष्य में सिंह सभा गुरुद्वारा व गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के छात्रों के सहयोग से नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी पंज प्यारों की अगुवाई में निकाली गई।
नगर कीर्तन में आगे-आगे स्कूली बच्चे डंबल, पीटी शो व पंजाबी भंगड़ा के साथ-साथ अन्य मनोरंजक गतिविधियां करते हुए चल रहे थे। नगर कीर्तन झांझ गेट, शास्त्री मार्केट, पंजाबी बाजार, तांगा चौक, मैन बाजार, शहर थाना व पुरानी कचहरी रोड से होता हुआ ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब पर जाकर संपन्न हुआ। यहां गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के बाद नगर कीर्तन में शामिल संगतों व स्कूली बच्चों ने गुरु के अटूट लंगर का स्वाद चखा। नगर कीर्तन में शोभा सिंह, गुरजिंद्र सिंह, गुरविंद्र सिंह, हरबंस सिंह, जसबीर सिंह, किरपाल सिंह व उपवन सिंह उपस्थित रहे।
गुरुद्वारा तेग बहादुर साहिब के मैनेजर मोहन सिंह ने बताया कि गुरु तेग बहादुर साहिब कश्मीर से दिल्ली जाते हुए गांव खरकबूरा, खटकड़ व जींद के ऐतिहासिक गुरुद्वारों में रुके थे। प्रवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में भी इस अवसर पर एक धार्मिक दीवान सजाया गया। इसमें भाई जसबीर सिंह, हरदीप सिंह, कर्मजीत सिंह व हिसार से आए भाई कुलदीप सिंह के रागी जत्थे द्वारा गुरुबाणी शब्द गायन किए गए।