नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : bureau
शहर के काठ मंडी के लोहा व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर के प्रभाव में आने से मौत हो गई। मृतक के बेटे ने कुछ लोगों पर लेनदारी के चलते जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्र्टम कराया है।
पुलिस के अनुसार रामनगर निवासी दयानंद (60) काठ मंडी के निकट लोहे के औजारों की दुकान चलता था। मंगलवार सुबह दयानंद व उसका बेटा मोनू दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दयानंद के पास फोन आया और मोनू को एक घंटे में वापस आने की बात कहकर गाड़ी सवार लोगों के साथ चला गया। जब दयानंद काफी देर तक नहीं लौटा तो उसके बेटों ने उसके पास फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। मंगलवार दोपहर बाद जब फोन मिला तो पता चला कि दयानंद रोहतक रोड स्थित एक निजी अस्पताल में जहर के प्रभाव में आने के चलते दाखिल करवाया गया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के बेटे मोनू ने बताया कि अस्पताल के अंदर उसके पिता दयानंद ने बताया कि उसको गांव खांडा निवासी मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर जबरदस्ती जहरीला पदार्थ दे दिया। उसका पिता उसे इतनी ही बात कहने पाया था कि डॉक्टर उसे उपचार के लिए अंदर ले गए। जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। मोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन साल पहले उसके पिता दयानंद से गांव पोकरीखेड़ी निवासी राजेश ने दस लाख रुपये, गांव सिंधवीखेड़ा निवासी जितेंद्र ने तीन माह के लिए पैसे उधार लिए थे, लेकिन बाद में पैसे लौटाने से मना कर दिया। पैसे मांगने पर पिछले कई दिनों से जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। राजेश व जितेंद्र दोनों रोहतक रोड पर फाइनेंस को काम करते हैं। उसने आरोप लगाया कि दोनों ने साजिश के चलते गांव खांडा खेड़ी निवासी मोनू व दीपक को भेज दिया। इसके बाद साजिश के तहत जबरदस्ती जहरीला पदार्थ दे दिया और बाद में शहर के एक निजी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेश, जितेंद्र, गांव खांडाखेड़ी निवासी सुंदर, मोनू, दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
व्यापारी ने लिखा मुझे जान से मारना चाहते हैं पांच लोग
पुलिस के अनुसार मृतक दयानंद ने पहले ही दुकान पर कॉपी में एक नोट लिखा है। इसमें पांचों आरोपियों के नाम व फोन नंबर के साथ लिखा है कि यह लोग मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
- दिलबाग सिंह, जांच अधिकारी