जींद। क्रेच वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) का तीसरा जिला सम्मेलन रविवार को जींद स्थित सूबे सिंह स्मारक में अनीता की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन सीटू के जिला उपाध्यक्ष कॉमरेड कपूर सिंह ने किया। सम्मेलन में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ-साथ नई जिला कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
सम्मेलन में पांच सदस्यीय नई जिला कमेटी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में मुकेश को जिला प्रधान, सीमा को जिला सचिव व अनीता को जिला कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित प्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
यूनियन की राज्य प्रधान सुशीला ने कहा कि प्रदेश की क्रेच वर्कर्स एवं हेल्पर्स लंबे समय से कम मानदेय, असुरक्षित रोजगार, समय पर भुगतान न होने तथा कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याओं का सामना कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर पूरे हरियाणा में आंदोलन तेज किया जाएगा। साथ ही 10 अगस्त को प्रस्तावित देशव्यापी जेल भरो आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
सम्मेलन के समापन अवसर पर सीटू जिला अध्यक्ष कॉमरेड रमेश चंद्र ने देश, प्रदेश और विश्व की वर्तमान परिस्थितियों पर राजनीतिक टिप्पणी प्रस्तुत करते हुए कहा कि मेहनतकश वर्ग की एकता ही शोषण और दमनकारी नीतियों का प्रभावी जवाब है।
उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर पवन कुमार, अनिल, दर्शना, रामदेई, राधा, रानी, सुषमा, कमला, अमीता, सुनील, भावना, वर्षा, मुकेश और कमला मौजूद रहीं।