18जेएनडी05: माता वैष्णो धाम में आयोजित नवार्ण महायज्ञ में पूजा अर्चना करते हुए श्रद्धालु। स्रोत
जींद। मां का दरबार सभी के लिए खुला है। सच्चे मन से मां को पुकारने वाले भक्त को उनका आशीर्वाद अवश्य मिलता है। यह बात आचार्य पवन शर्मा ने शनिवार रात माता वैष्णो धाम में आयोजित नवार्ण महायज्ञ में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कही। दुर्गाष्टमी के अवसर पर हवन-यज्ञ के बाद उन्होंने अपने प्रवचनों में मां की महिमा का वर्णन किया।
आचार्य पवन शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार छोटा बच्चा रोकर मां को पुकारता है तो मां तुरंत उसे अपनी गोद में उठाकर सीने से लगा लेती है, उसी प्रकार मां जगदंबा भी सच्चे मन से पुकारने वाले भक्त को अपनाती हैं। सांसारिक मां कभी व्यस्तता या दूरी के कारण बच्चे की पुकार तुरंत नहीं सुन पाती, लेकिन मां जगदंबा सर्वशक्तिमान हैं। जरूरत केवल सच्चे मन से उन्हें पुकारने की है।
इस अवसर पर केसी गुप्ता, डॉ. संजय शर्मा, सुशील गुप्ता और रण सिंह सैनी सहित श्रद्धालुओं ने परिवार सहित मां स्कंदमाता की पूजा-अर्चना की और महायज्ञ में आहुति दी। कार्यक्रम में डॉ. मनीष गुप्ता, रोहित कुमार, बलदेवराज पथरी, राजबीर तंवर, विकास ग्रोवर, अशोक गुलाटी, मुरारी पथरी, कार्तिकेय शर्मा और संजय आहूजा मौजूद रहे।