जींद। बिजली निगम की मेरा गांव-जगमग गांव योजना में जुलाना सबडिविजन ने सबसे पहले जगह बनाई है। इसके अधिकांश गांवों में योजना के तहत काम पूरा हो गया है। अब जुलाना सब डिविजन के गांव अनूपगढ़, खरैंटी और बिरौली में कार्य चल रहा है।
काम पूरा होने के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार रोजाना 18 घंटे बिजली आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा। योजना के तहत अब तक 31 गांवों में काम पूरा हो चुका है।
योजना का उद्देश्य गांवों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाना और उपभोक्ताओं को अधिक समय तक निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाना है। इसके तहत बिजली वितरण व्यवस्था में सुधार, लाइनों को दुरुस्त करने, पुराने व खराब उपकरणों को बदलने और बिजली चोरी और लाइन लॉस पर अंकुश लगाने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
फिलहाल सबडिविजन के गांव देशखेड़ा, गतौली, हथवाला में 18 घंटे बिजली ग्रामीणों को मुहैया हो रही है। सबडिविजन में जगमग गांव योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपये खर्च कर बिजली व्यवस्था को सुधारने का काम किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के अनुसार बिजली मिल सके।
योजना के तहत क्या काम होता है
बिजली आपूर्ति: गांवों को चरणबद्ध तरीके से 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दायरे में लाना।
मीटरों में सुधार: घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बाहर लगाना।
केबल और लाइनों का सुधार: पुरानी तारों को बदलना, केबल लगाना और बिजली वितरण ढांचे को दुरुस्त करना।
बिजली चोरी और लाइन लॉस में कमी: बिजली की खपत के अनुसार बिलिंग और बकाया बिलों की वसूली में सुधार करना।
18 घंटे और 24 घंटे बिजली में क्या अंतर है
योजना में काम शुरू होने या पूरा होने का अर्थ यह नहीं कि उसी समय गांव को 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी। बिजली निगम के अनुसार गांव में 24 घंटे आपूर्ति शुरू करने के लिए निर्धारित तकनीकी और अन्य शर्तें पूरी होना जरूरी है। यदि लाइन लॉस 20 प्रतिशत से कम रहता है तो उस गांव में 24 घंटे बिजली दी जाएगी।
तीन गांवों में काम पूरा होने का इंतजार
जुलाना सब डिविजन के अनूपगढ़, खरैंटी और बिरौली गांवों में योजना के तहत काम जारी है। इन गांवों के ग्रामीणों को अब कार्य पूरा होने का इंतजार है। काम पूरा होने और निर्धारित शर्तें पूरी होने के बाद इन गांवों को भी जगमग गांव योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का स्तर सुधारने में मदद मिलेगी।
वर्जन
जिले में मेरा गांव जगमग योजना के तहत जुलाना सबडिविजन में तीन गांव को छोड़कर सभी गांव में पूरा हो गया है। इस योजना के तहत ग्रामीणों को शर्तों अनुसार 18 और 24 घंटे बिजली दी जाएगी। इसलिए ग्रामीण इस योजना का लाभ उठाएं।
-विनोद पूनिया, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद