पीपी सेंटर का वह स्थान, जहां का एग्जास्ट फैन तोड़कर कमरे में घुसे थे बंदर। संवाद
- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल के पीपी सेंटर में मंगलवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे घुसकर बंदरों ने खूब आतंक मचाया। बंदर पीपी सेंटर का एग्जास्ट फैन तोड़कर अंदर घुसे और वहां पर रखा कंप्यूटर तोड़ दिया। इसके अलावा कुछ पुराने रिकार्ड को भी फाड़ दिया। बंदर इतने से ही नहीं माने इसके बाद उन्होंने तीन कुर्सियों, वाशबेशन को भी तोड़ डाला। जब सुबह सफाई कर्मचारी सुरेश आया तो बंदरों ने उसे घेर लिया। सुरेश ने अपने आपको एक कमरे में बंद करके जान बचाई। इसके बाद उन्होंने अन्य कर्मचारियों को फोन करके बुलाया।
पीपी सेंटर के स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर जिला प्रशासन से अनुरोध करके यहां से बंदरों को पकड़वाने की गुहार लगाई है। सुबह साढ़े सात बजे पीपी सेंटर के सफाई कर्मचारी सुरेश पीपी सेंटर पहुंचे। उन्होंने अंदर देखा की चारों तरफ बंदर ही बंदर बैठे हैं। सुरेश ने मौके की नजाकत को समझते हुए अपने आपको एक कमरे में बंद कर लिया और स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा व अन्य कर्मचारियों को फोन करके बंदरों की सूचना दी। लगभग 20 मिनट तक बंदर पीपी सेंटर में आतंक मचाते रहे और जिस कमरे में सुरेश ने अपने आपको बंद किया था, उसका दरवाजा खटखटाते रहे। इसके बाद कई स्वास्थ्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बंदरों को भगाया। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि बंदर पीपी सेंटर के एक कमरे में लगे एग्जास्ट फैन को तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने उस कमरे में रखे एक कंप्यूटर सेट को नीचे गिरा दिया। इसके बाद तीन कुर्सियों को तोड़ दिया और बाथरूम में लगे वाशबेसिन को भी तोड़ दिया। यहां रखे कुछ रिकॉर्ड को भी फाड़ दिया। वर्मा ने जिस एग्जास्ट फैन को बंदरों ने तोड़ अब उस रास्ते को बंद करवा दिया है। उन्होंने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर हुए नुकसान की भरपाई करवाने तथा बंदरों को पकड़वाने की गुहार लगाई है। वर्मा ने कहा कि यहां पर चार अन्य कंप्यूटर सेट भी रखे थे, गनीमत रही कि बंदरों ने इनके नहीं गिराया।