नरवाना। नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
समारोह से पहले बड़ौली ने नवदीप स्टेडियम स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि शहीदों के बलिदान से मिली आजादी की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है और राष्ट्र निर्माण में सभी को योगदान देना चाहिए।
परेड कमांडर पीएसआई मोहित के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस सशस्त्र बल, एसडी महिला महाविद्यालय और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। समारोह में ज्ञानेंद्र पब्लिक स्कूल कालवन, शिक्षा भारती स्कूल उझाना, डीबीके स्कूल, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और एसडी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह की भावना को और प्रबल कर दिया।
बड़ौली का युवाओं से आह्वान, नशे से दूर रहें, हरियाणा को नशामुक्त बनाएं
मोहन लाल बड़ौली ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है। देश की आजादी असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान दे। प्रदेश सरकार ‘विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा’ के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है। कृषि, उद्योग, रोजगार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बड़ौली ने जींद-सोनीपत के बीच हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन को प्रदेश की महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि बताते हुए कहा कि हरियाणा विकास और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। समारोह में एसडीएम जगदीश चंद्र, डीएसपी कमलदीप राणा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे समारोह के दौरान माहौल देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा।
फोटो 4 नरवाना। अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए मोहन लाल बड़ौली। संवाद।
फोटो 4 नरवाना। अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए मोहन लाल बड़ौली। संवाद।