नरवाना। कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला की ओर से जरूरतमंद लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए शुरू की गई निशुल्क मोबाइल अस्पताल सेवा रविवार को गांव गढ़ी पहुंची। रविदासिया मंदिर परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच करवाई।
इस दौरान मरीजों को आवश्यक दवाएं भी निशुल्क वितरित की गईं। शिविर का शुभारंभ सरदार मुख्तार सिंह गढ़ी ने रिबन काटकर किया। नरवाना के जयराम अस्पताल की एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. गरिमा और उनकी टीम ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य बीमारियों की जांच के साथ मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और मौके पर ही जरूरी दवाएं उपलब्ध करवाईं।
ग्रामीणों ने विधायक आदित्य सुरजेवाला की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही निशुल्क जांच और दवाइयां मिलने से लोगों को अस्पताल जाने की परेशानी और इलाज पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है।
उन्होंने विधायक का धन्यवाद किया। बताया गया कि मोबाइल अस्पताल इससे पहले कलौदा कलां, दनौदा खुर्द, फरैण कलां, खरड़वाल, खरल, ढाकल, पीपलथा, सिंसर, सच्चा खेड़ा, बेलरखा सहित नरवाना शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में स्वास्थ्य शिविर लगा चुका है। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनका उद्देश्य है। नरवाना क्षेत्र के गांवों और शहर के वार्डों में यह सेवा आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मंटा, पार्षद आशुतोष शर्मा मौजूद रहे।