12जेएनडी-23-सफीदों बीडीपीओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे मनरेगा मजदूर। स्रोत यूनियन
जींद। मनरेगा मेट एवं मजदूर यूनियन का काम की मांग को लेकर बीडीपीओ सफीदों के कार्यालय पर चल रहा धरना आठवें दिन भी जारी रहा। इसकी अध्यक्षता मनरेगा मजदूर कमलेश ने की।
इस दौरान राधेश्याम ने बताया कि सफीदों ब्लॉक के एबीपीओ ने मनरेगा मेट अनूप के साथ बदतमीजी की थी, जिसकी मेट अनूप ने बीडीपीओ सफीदों के पास शिकायत की, लेकिन बीडीपीओ ने उस एबीपीओ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और न ही पिछले डेढ़ महीने से काम मांगने के बावजूद काम दिया जा रहा।
एबीपीओ सरकारी दफ्तर को अपना निजी दफ्तर समझ रहा है और मनरेगा मेट व मजदूरों को दफ्तर में एंट्री करने से मना कर रहा है। आरोप लगाया कि पिछले दिनों एबीपीओ ने मेट अनूप को कहा था कि इस दफ्तर में आने की तेरी हिम्मत कैसे हुई। उन्होंने कहा कि सफीदों ब्लॉक में ऐसे हालात सिर्फ हाट गांव के ही नहीं अन्य दूसरे गांव जैसे ऐंचरा खुर्द, करसिंधु, रामनगर आदि गांव के मनरेगा मजदूरों के भी ऐसे ही हालात है। जब तक ब्लॉक प्रशासन उनकी मांगों का समाधान नहीं करता तब तक उनका धरना जारी रहेगा।