30जेएनडी21-मजदूरी की मांग को लेकर बीडीपीओ को ज्ञापन देते मनरेगा मजदूर। स्रोत संगठन
जींद। हथवाला और पौली गांव के मनरेगा श्रमिकों ने मंगलवार को समस्याओं को लेकर बीडीपीओ प्रतीक जांगड़ा को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि यदि काम उपलब्ध नहीं कराया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
आनंद पौली, पर्मेन्द्र, सुमन, सुनील, मोना, नरेश, सुदेश, पिंकी, नरेश, जगदीश, कृष्णा, अजमेर ने कहा कि पिछले एक साल से उन्हें काम नहीं मिल रहा है जबकि मनरेगा योजना का मूल उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना है।
सरकार की ओर से घोषित 400 रुपये दैनिक मजदूरी के बावजूद उन्हें केवल 140 से 250 रुपये ही मिलते हैं। मजदूरी का भुगतान भी समय पर नहीं होता। इस कारण वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
सभा में श्रमिकों ने यह भी कहा कि मनरेगा अधिनियम में हर पंजीकृत श्रमिक को साल में न्यूनतम 100 दिन का काम देने का प्रावधान है लेकिन उन्हें नियमित रोजगार नहीं मिल रहा। इसके साथ ही उन्होंने कार्यस्थलों पर स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा और विश्राम स्थल उपलब्ध कराने की भी मांग की।
मनरेगा मेट व मजदूर यूनियन हरियाणा के राज्य उपाध्यक्ष सुरेश करसोला ने कहा कि श्रमिक अब चुप नहीं बैठेंगे। यदि मांगों पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो बीडीपीओ दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।