सफीदों। उरलाना हेड के पास बुटाना ब्रांच नहर में शनिवार को मनरेगा के तहत काम कर रही महिला मजदूर की पैर फिसलकर गिरने से मौत हो गई। साथ में काम करने वाले अन्य मजदूर उसे उठाकर सफीदों के नागरिक अस्पताल लेकर गए, मगर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान टीटोखेड़ी गांव की रहने वाली कमलेश (55) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
कमलेश के पति वजीर सिंह ने बताया कि वह मनरेगा के तहत बुटाना ब्रांच नहर की पटरियों की सफाई कर रहे थे। इस कार्य में उनकी पत्नी कमलेश भी शामिल थी। कमलेश सफाई का कार्य कर रही थी तो उसका पैर फिसल गया। वह सूखी नहर में गिर गई। उसकी चीख सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर उसे उठाकर नागरिक अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र ने कहा कि कमलेश का परिवार गरीब है। ऐसे में प्रशासन से उनकी मांग है कि सरकार की ओर से परिवार को आर्थिक मदद दिलवाई जाए।