जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने शुक्रवार को बस स्टैंड के पास धंसी मिनी बाईपास सड़क का निरीक्षण किया। इस मौके पर नगर परिषद, जन स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। जब विधायक ने सड़क धंसने के लिए जिम्मेदारी की बात पूछी तो जन स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग व नगर परिषद के अधिकारी बच्चों की तरह आपसे में झगड़ने लगे। एक-दूसरे पर सड़क धंसने की जिम्मेदारी डालते रहे। इस पर विधायक ने कहा कि आपसे तो आतंकवादी अच्छे है, जो धमका करने के बाद जिम्मेदारी तो ले लेते हैं। विधायक ने कहा कि तीन दिन में विभाग अपनी जिम्मेदारी तय कर सड़क को ठीक करवाए। ऐसा नहीं होने पर वे अपने स्तर पर मजदूर बुलाकर काम शुरू करवा देंगे।
जुलाई में हुई बारिश के बाद रोहतक रोड, मिनी बाईपास की सड़के धंस गई थीं। अगस्त में बस स्टैंड के पास मिनी बाईपास की सड़क धंस गई थी। शुक्रवार सुबह भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने अधिकारियों को मौके पर बुलाया तो सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह नाला लोकनिर्माण विभाग ने बनवाया था। इसकी देखरेख सिंचाई विभाग के पास नहीं है। वहीं लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नाले से या तो रानी तालाब में पानी लाया जाता है या हर्बल पार्क में, ऐसे में उनका इससे को संबंध नहीं है। इस पर जब जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सड़क धंसने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है। क्योंकि गोहाना रोड के नीचे से अमरूत योजना की पाइपलाइन निकालने के लिए नगर परिषद ने हांसी ब्रांच नहर से आ रहे नाले को बंद कर दिया। इसके चलते नाला ओवरफ्लो हो गया और सड़क धंस गई। जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतीश नैन ने विधायक को फोटो दिखाते हुए नाला ओवरफ्लो होने के कारण सेक्टरों में भरे पानी की स्थिति की भी जानकारी दी।
आगे से कोई भी सड़क धंसी तो खैर नहीं
इस दौरान अधिकारियों की कार्यप्रणाली से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा काफी खफा नजर आए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह तय कर लें कि पहले किया गया काम सही हुआ है या नहीं। इसके बाद ही सड़क को बनाएं। यदि आगे से कोई सड़क धंसी तो खैर नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि फिर ऐसा हुआ तो वे मुख्यमंत्री को कह देंगे कि नालायक अधिकारी हैं।
मैं मानता हूं अपनी कमी
विधायक ने कहा कि अधिकारी बेशर्मी से एक दूसरे पर मामला टाल रहे हैं। ऐसे में मैं अपनी ही कमी मानता हूं कि मेरे अधिकारी नालायक हैं। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि पूरी बदहाली के लिए वे ही जिम्मेदार हैं।
शहरी स्थानीय निकाय के कारण शहर बदतर स्थिति में
शुक्रवार को सिंचाई, लोकनिर्माण, जनस्वास्थ्य विभाग के अलावा नगर परिषद के अधिकारियों को सड़क धंसने वाले स्थान पर बुलाया गया। इसमें साफ हुआ कि नगर परिषद द्वारा सड़क के नीचे से बह रहे नाले को बंद करने के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर भी ऐसी ही स्थिति बनी है। पूरी व्यवस्था के लिए नगर परिषद जिम्मेदार है। अधिकारियों को तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद फिर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. कृष्ण मिड्ढा, भाजपा विधायक जींद।
रणदीप सुरजेवाला ने किया ट्वीट
जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा द्वारा शुक्रवार को निरीक्षण करने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया है। उन्होंने इससे सरकार पर निशाना साधा है।
बस स्टैंड के पास धंसी सड़क का निरीक्षण करते भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा। संवाद- फोटो : Jind