संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। निपुण हरियाणा मिशन के सफल पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जिले के सभी 423 सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। विद्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और अभिभावकों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति से अभिभावकों को अवगत कराना और शिक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।
पीटीएम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों, सीखने की प्रगति और विद्यालयों में अपनाई जा रही नवाचारी शिक्षण गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों को दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी पठन, लेखन, भाषण, कविता वाचन और कहानी प्रस्तुति जैसी गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। शिक्षकों ने अभिभावकों को टीएलएम, प्रिंट रिच सामग्री, गतिविधि आधारित शिक्षण और खेल-खेल में सीखने जैसी आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रगति रिपोर्ट भी अभिभावकों को सौंपी गई।
विद्यालयों में लगाए गए निपुण स्टॉल कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। इनमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार शैक्षणिक मॉडल, भाषा और गणित से संबंधित शिक्षण सामग्री तथा रचनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। अभिभावकों ने इन प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर निपुण बनने वाले विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
जिला समन्वयक एफएलएन राजेश वशिष्ठ ने मॉडल संस्कृति स्कूल जींद, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कंडेला और शाहपुर में आयोजित पीटीएम का निरीक्षण किया।