गांव भंभेवा में हांसी ब्रांच नहर से पुलिस ने एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक के पास से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान गली नंबर छह उत्तर नगर करनाल निवासी दीपक के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार व्यक्ति एक फरवरी को अचानक करनाल से लापता हो गया था, लेकिन शनिवार को उसका शव हांसी ब्रांच नहर से मिला है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने इसकी सूचना करनाल थाना पुलिस को दे दी है।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि गांव भंभेवा के निकट हांसी ब्रांच नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पाकर जब पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर कुछ कागजात मिले। जिसके आधार पर उसकी पहचान गली नंबर छह उत्तर नगर करनाल निवासी दीपक के रूप में हुई।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने तुरंत ही इसके लिए करनाल पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि दीपक एक फरवरी से लापता था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद ही पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मनदीप ने बताया कि हांसी ब्रांच नहर में करनाल के एक व्यक्ति का शव मिला है। इसकी सूचना करनाल पुलिस तथा मृतक के परिजनों को दे दी है।