नरवाना। शहर के रेलवे रोड स्थित बैंक के पास खड़े एक युवक का बाइक सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे खेतों में बनी एक झोपड़ी में ले गए। यहां आरोपियों ने शराब पीकर उसके साथ कुकर्म किया और रुपये छीने लिए। इसके बाद आरोपी पीड़ित युवक को साथ लेकर एटीएम पर पहुंचे। यहां खाते से 15 हजार रुपये निकलवाए और उसे सुरेवाला चौक के पास छोड़ करके फरार हो गए। पुलिस ने युवक की शिकायत पर आरोपियों पर अपहरण, कुकर्म करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रोशनलाल के अनुसार पीड़ित युवक का मेडिकल कराया गया, जिसमें उसके साथ कुकर्म की पुष्टि हुई है।
पीड़ित युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे वह रेलवे रोड स्थित एक बैंक के पास खड़ा था। इस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उससे विश्वकर्मा चौक जाने का रास्ता पूछा। उसने उन्हें रास्ता बता दिया, लेकिन उन्होंने उसे जबरदस्ती अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और ओढ़ी चादर से उसे ढक लिया। आरोप लगाया कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसकी कमर में पिस्तौल लगा ली। इसके बाद आरोपी उसे एक गांव के पास नहर के साथ खेतों में बनी झोपड़ी में ले गए। वहां पर दोनों ने शराब पीकर बारी-बारी से उसके साथ साथ कुकर्म किया। साथ ही उसकी जेब में से 700/800 रुपये की नकदी, चांदी की अंगूठी और दो मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसे उकलाना की नई अनाज मंडी में ले गए। वहां उसके एटीएम से 15 हजार हजार रुपये निकलवा लिए और उसे सुरेवाला चौक के पास छोड़ करके फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की है।