फोटो 12 नरवाना। माइनर के कटाव को बंद करते हुए कमर्चारी। संवाद।
नरवाना। अनाज मंडी क्षेत्र के पास बुधवार सुबह माइनर का करीब पांच फुट हिस्सा टूट गया जिससे पानी सड़क और आसपास के खेतों में फैल गया। सूचना पर पहुंची सिंचाई विभाग की टीम ने बुलडोजर की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद कटाव को बंद कराया और जल्द स्थायी मरम्मत का आश्वासन दिया।
पुराने सिंचाई विभाग कार्यालय और सीआईए के बीच से गुजर रही माइनर में अचानक हुए कटाव से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पानी तेजी से बाहर निकलने के कारण रास्ते पर जलभराव हो गया और आसपास के खेत भी पानी से भर गए।
हालांकि खेतों में इस समय फसल नहीं होने के कारण किसानों को बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर माइनर टूटी है, वहां काफी समय से हल्का रिसाव हो रहा था। इसकी जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार रिसाव से मिट्टी कमजोर होती गई और पानी का दबाव बढ़ने से माइनर टूट गई।
ग्रामीणों और किसानों ने बताया कि यदि यह घटना फसल के मौसम में होती तो खड़ी फसल जलमग्न होने से भारी नुकसान हो सकता था। लोगों ने विभाग से माइनरों का नियमित निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कई बार चूहों के बिलों से भी माइनर की दीवारें कमजोर हो जाती हैं, जिससे रिसाव बढ़ने पर कटाव की स्थिति पैदा हो जाती है।
जल्द शुरू होगा माइनर का मरम्मत कार्य
सिंचाई विभाग के एक्सईएन सौरभ गर्ग ने बताया कि माइनर टूटने की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। बुलडोजर और अन्य साधनों की सहायता से कटाव को बंद करा दिया गया है। माइनर के स्थायी सुधार के लिए टेंडर लगाया जा चुका है। टेंडर खुलने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा जिससे भविष्य में इस तरह की समस्या नहीं आएगी।