नरवाना। सर्दी की दस्तक के साथ ही गांव कालवन का प्राकृतिक जल क्षेत्र विदेशी मेहमानों के लिए तैयार हो गया है। हजारों किलोमीटर का सफर तय कर प्रवासी पक्षियों ने कालवन स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती प्रवासी पक्षी संरक्षण स्थल और देवभूमि कालवन सामुदायिक आरक्षित क्षेत्र में पहुंचना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय पक्षियों की चहचहाहट से पूरा क्षेत्र गुलजार हो रहा है। यहां का स्वच्छ प्राकृतिक वातावरण, पानी और अनुकूल परिस्थितियां इन परिंदों को खूब रास आ रही हैं।
हर साल सर्दियों में देश-विदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से प्रवासी पक्षी कालवन के जल क्षेत्र में पहुंचते हैं। महर्षि दयानंद सरस्वती प्रवासी पक्षी संरक्षण समिति के अनुसार अब तक यहां 11 प्रजातियों के पक्षियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें स्थानीय और विदेशी प्रवासी दोनों तरह के पक्षी शामिल हैं। आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के साथ ही और प्रजातियों के पहुंचने की संभावना है।
समिति ने डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल रिसर्चर डॉ. विजय विश्वास के साथ पक्षियों से संबंधित डाटा साझा किया है। इसके आधार पर अब तक अलग-अलग प्रजातियों की पहचान की गई है। आर्य समाज कालवन के अध्यक्ष आर्य गुरदयाल, संरक्षण समिति के अध्यक्ष आर्य विशाल और कर्नल रामप्रताप ने भी क्षेत्र में पक्षियों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर दिया।
गांव के लिए गर्व की बात, सामूहिक प्रयास से होगा संरक्षण
पूर्व सरपंच एवं जैव विविधता बोर्ड समिति के अध्यक्ष भरथराज ने कहा कि यह पूरे गांव के लिए गर्व की बात है कि हजारों किलोमीटर का सफर तय करके विदेशी पक्षी कालवन पहुंच रहे हैं। यहां का प्राकृतिक वातावरण, पानी और अनुकूल परिस्थितियां उन्हें आकर्षित कर रही हैं। यह गांव की प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता के लिहाज से बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सभी मिलकर इस प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण करें ताकि आने वाले वर्षों में भी प्रवासी पक्षियों का आगमन बना रहे।
अब तक इन प्रजातियों की हुई पहचान
समिति के अनुसार कालवन वेटलैंड में अब तक बार हेडेड गूज, ब्लैक विंग्ड स्टिल्ट, नॉर्दर्न शोवलर, कॉमन मूरहेन, पर्पल स्वैम्पहेन, यूरेशियन स्पूनबिल, ग्रे हेरोन, कॉमन कूट, ब्लैक टेल्ड गॉडविट और पेंटेड स्टॉर्क सहित पक्षियों की 10 प्रजातियों के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं। हालांकि समिति ने कुल 11 प्रजातियों की पहचान की जानकारी दी है। इनमें स्थानीय और प्रवासी पक्षी दोनों शामिल हैं।
फोटो 9 नरवाना। कालवन वेटलैंड में बैठे पक्षी। स्रोत समिति।
फोटो 10 नरवाना। कालवन वेटलैंड के पानी में समूह में पक्षियों का जमावड़ा। स्रोत समिति।