जुलाना। पौली गांव में वीरवार रात शादी समारोह में निर्धारित समय के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पर उसे बंद करवाने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी।
हमले में ईआरवी इंचार्ज ईएएसआई बिजेंद्र सिंह, ईएचसी जसबीर सिंह और एसपीओ दलशेर घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोमी फौजी, जोगिंद्र, मोहित समेत 10 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ईएएसआई बिजेंद्र सिंह ने बताया कि 19 नवंबर की रात 10 बजे वह अपनी टीम के साथ किलाजफरगढ़ बाईपास पर तैनात थे। इसी दौरान डायल 112 मुख्यालय पंचकूला से सूचना मिली कि पौली गांव में रात 10 बजे के बाद भी शादी समारोह में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। शिकायतकर्ता नीरज ने बताया था कि डीजे की तेज आवाज से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम रात करीब 10:05 बजे गांव के स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंची, जहां शिकायतकर्ता मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी डीजे बंद करवाने के लिए गली में आगे बढ़े तो 8 से 10 युवकों ने पुलिस की गाड़ी के आगे खड़े होकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवक शराब के नशे में थे। इनमें से दो-तीन युवकों ने गाड़ी की खिड़की से हाथ डालकर ईएएसआई बिजेंद्र सिंह का कॉलर पकड़ लिया और डीजे बंद नहीं करवाने की बात कही।
लाठी के वार से बेहोश होकर गिरे ईएचसी जसबीर
बिजेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि सोमी फौजी ने जोगिंद्र और मोहित को पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद तीनों ने 5 से 7 अन्य युवकों के साथ मिलकर टीम पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने लाठी से ईएचसी जसबीर सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। अन्य युवकों ने तीनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे गांव के बुजुर्गों ने बीच-बचाव कर पुलिसकर्मियों को हमलावरों से बचाया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना में मेडिकल करवाया।
बाक्स
पुलिसकर्मियों की शिकायत पर सोमी फौजी, जोगिंद्र, मोहित समेत 10 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-ऋषभ सोढ़ी, डीएसपी जुलाना