23जेएनडी39: साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुति देती लड़कियां। संवाद
नरवाना। प्रदेश भर में ड्रग्स फ्री हरियाणा के संकल्प के साथ चल रही साइक्लोथॉन 2.0 साइकिल यात्रा ने बुधवार सुबह कैथल से चलकर जिले के गांव बिधराना में जींद जिला की सीमा में प्रवेश किया। बिधराना पहुंचने पर साइक्लोथॉन यात्रा का जिला प्रशासन की तरफ से नरवाना के एसडीएम जगदीश चंद्र और डीएसपी अमित भाटिया ने स्वागत किया।
उन्होंने यात्रा का नेतृत्व कर रहे एसआई डॉ. अशोक कुमार और उनके साथ अन्य साइक्लिस्टों को पुष्प गुच्छ भेंट किए। गांव में आगमन पर ग्रामीणों व स्कूली बच्चों ने पुष्प वर्षा के साथ भव्य अगुवाई की।
गांव के स्कूल में साइक्लिस्टों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई और अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि हरियाणा उदय के तहत चल रही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स फ्री यानी नशा मुक्त हरियाणा बनाना है और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का संदेश देना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों से गुजर रही यात्रा का यह दूसरा चरण है और नशीले एवं मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने के प्रति युवाओं में सार्थक प्रेरणा इस यात्रा से पैदा हो रही है। एसडीएम ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशा की बुराइयों बारे सचेत करने और नशा मुक्त जीवन जीने के प्रति राज्य सरकार की ओर से साइक्लोथॉन यात्रा का निकालना सराहनीय कदम है। साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने प्रकृति बचाओ विषय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। बिधराना से साइक्लोथॉन की रवानगी में एसडीएम जगदीश चंद, डीएसपी अमित भाटिया, करण प्रताप सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने साइकिल चलाकर यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा में साइक्लिस्टों के साथ-साथ बिधराना, हथो, सींसर, ढाकल, नरवाना, डुमरखां, झील से विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
23जेएनडी39: साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत में सांस्कृतिक प्रस्तुति देती लड़कियां। संवाद