एक गांव की रहने वाली 25 वर्षीय विवाहिता ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया गया है। किसी व्यक्ति ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर बेटी की अश्लील फोटो डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया था। इससे आहत होकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला के भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। बहन को बदनाम करने के लिए किसी ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी अश्लील फोटो डाल दी थी। इससे आहत होकर उसकी बहन ने रविवार रात को पंखे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के भाई ने कहा कि उसकी बहन को किसी ने आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। जुलाना थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।