पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए बदमाश और उनसे बरामद की गई लूटी गई कार।
- फोटो : Jind
हैबतपुर रोड जिमखाना क्लब के पास से नौ जुलाई को पिस्तौल के बल पर कार लूटने वाले चार आरोपियों को सीआईए टीम जींद व सिविल लाइन पुलिस ने कंडेला गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने आरोपियों के पास से लूटी गई कार, पिस्टल, कारतूस व एक खिलौना गन बरामद की है।
सीआइए इंचार्ज विरेंद्र सिंह खर्ब ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों में सफीदों के वार्ड नंबर एक निवासी दीपक उर्फ मच्छी, अंकित, सफीदों के वार्ड नंबर 17 निवासी शिव उर्फ मंगल व गुरविंद्र शामिल हैं। सभी को सूचना पर कंडेला गांव से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, कट्टा, एक कारतूस व खिलौना गन बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी लूटी गई कार को पंजाब में बेचने के लिए जा रहे थे कि उससे पहले ही आरोपियों को कंडेला के पास काबू कर लिया गया। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा सके।