उचाना। इस साल कपास, धान की आवक, भाव बढ़ने का फायदा जहां किसानों को हुआ तो मार्केट फीस में भी बढ़ोतरी हुई है। मार्केट कमेटी में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार इस साल एक करोड़ 35 लाख रुपये बीते साल से अधिक मार्केट फीस आई है। 24 प्रतिशत बढ़ोतरी मार्केट फीस के रूप में हुई है। अब तक छह करोड़ 94 लाख 82276 रुपये मार्केट फीस वसूली गई तो बीते साल पांच करोड़ 59 लाख 47354 रुपये मार्केट फीस के रूप में वसूल किए थे। इस साल एक करोड़ 35 लाख 34922 रुपये ज्यादा फीस अब तक आ चुकी है।
धान की फीस में हुई अधिक बढ़ोतरी
मार्केट कमेटी सचिव संदीप कासनिया ने बताया कि पीआर 1509 धान की इस साल मार्केट फीस 80 लाख 68507 रुपये, बासमती धान की एक करोड़ 54 लाख 76089 रुपये, कपास की 17 लाख 9779 रुपये, बाजरा पर 81975 रुपये मार्केट फीस जमा हुई है। इस साल भाव फसलों के अधिक होने के साथ आवक भी अधिक होने से फायदा किसानों के साथ-साथ मार्केट कमेटी को हुआ है। मार्केट फीस एक करोड़ 35 लाख से अधिक इस साल वसूली गई है। किसी तरह की परेशानी किसानों, आढ़तियों को नहीं आने दी गई।