सरकार की अग्निपथ योजना से युवाओं में आक्रोश है। रविवार को खरखौदा में युवाओं ने बाइकों और कारों में तिरंगा लहराते हुए छह किलोमीटर तक पैदल मार्च निकाला। गोपालपुर चौक पर एकत्रित हुए युवा सांपला चौक, मटिंडू चौक, रोहतक चौक, खांडा चौक, सोनीपत चौक होते हुए थाना कलां चौक पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने पैदल मार्च को शहर में प्रवेश नहीं करना दिया गया। सीआईए-2 सोनीपत प्रभारी सुनील कुमार व फरमाणा चौकी प्रभारी रमेश चंद्र ने युवाओं को शांति बनाए रखने की अपील की। बाद में युवा लौट गए।
अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने रेलवे स्टेशन पर ट्रैक जाम करने की बात कही है। स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी, आरपीएफ व सिविल लाइन थाने से करीब 80 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी रेलवे स्टेशन पर तैनात रहेंगे। युवाओं से अपील है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें। -महाबीर सिंह, प्रभारी, जीआरपी सोनीपत।
अग्निपथ योजना के विरोध में ट्रैक जाम की घोषणा से आज रहेगी चार ट्रेनें रद्द
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध लगातार जारी है। युवाओं ने सोमवार को रेलवे ट्रैक जाम करने की चेतावनी दी है। ऐसे में रेलवे की ओर से पानीपत व कुरुक्षेत्र से सोनीपत होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है। सोमवार सुबह दैनिक यात्रियों को दिल्ली की ओर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पानीपत-नई दिल्ली पैसेंजर ट्रेन (04450) सुबह 6.01 बजे सोनीपत पहुंचती है। पानीपत-गाजियाबाद (04472) सुबह 6.50 बजे, कुरुक्षेत्र-हजरत निजामुद्दीन पैसेंजर ट्रेन (04406) सुबह 7.43 व कुरुक्षेत्र-दिल्ली जं. (04178) सुबह 8.02 बजे सोनीपत पहुंचती है। इन ट्रेनों को सोमवार को रद्द कर दिया गया है।
ट्रैक जाम होने की सूचना के चलते रेलवे संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली की ओर जाने वाली चार पैसेंजर ट्रेन सोमवार को रद्द रहेंगी। जिससे दिल्ली की ओर आने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। -दीपक कुमार, उत्तर रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी