08जेएनडी17-नेहरु पार्क में आयोजित बैठक में भाग लेते विभिन्न संगठनों के सदस्य। स्रोत यूनियन
जींद। कई जनसंगठनों ने नेहरू पार्क में जनसभा करके अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। सभा की अध्यक्षता कोशिगन, सुशीला, राजबाला, संतोष मांडो, सुनीता ने की। कार्यक्रम में जनवादी महिला समिति, आशा वर्कर यूनियन, मिड डे मील वर्कर यूनियन, क्रेच वर्कर्स यूनियन, भवन निर्माण यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, जनवादी लेखक संघ, अखिल भारतीय किसान सभा और जनवादी नौजवान सभा से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंची महिला समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगमती सांगवान ने कहा कि हमारे देश में महिलाओं ने गरिमा पूर्ण जीवन जीने के लिए और जन्म लेने के अधिकार से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, वोट का अधिकार, सुरक्षा, संपत्ति, नागरिक अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी है और अभी भी संघर्षरत हैं। स्थानीय मांगों में जींद शहर सहित सभी शहरों में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाया जाए। शिक्षण संस्थाओं और कोचिंग सेंटर पर सुरक्षा के प्रबंध किए जाए और गुंडागर्दी पर रोक लगाई जाए। जिले में बढ़ते नशे पर रोक लगाई जाए। महिलाओं के लिए सभी तरह की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंध किया जाए और सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाई जाए। समान काम समान वेतन लागू किया जाए। 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन हो। महिलाओं को नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। सभी गरीब परिवारों को केरल राज्य की तर्ज पर जरूरत की 14 वस्तुएं राशन डिपो के माध्यम से दी जाए। नई शिक्षा नीति 2020 रद्द की जाए। इस मौके पर राजकुमार श्योकंद, आजाद पांचाल, मनदीप नेहरा, महावीर शर्मा, कामरेड रमेश चंद्र, संदीप जाजवान, सुरेश करसोला, दीनदयाल, सोहन दास, मुकेश, रोशनी, अनीता, आशा, सुशीला और गीता भी मौजूद रहे।