उचाना। खरकभूरा खेल नर्सरी की एथलेटिक्स खिलाड़ी मानसी खरकभूरा ने लंबी कूद में प्रदेश स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया है। राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता भिवानी के स्टेडियम में आयोजित की गई जिसमें 18 से 20 अगस्त तक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया।
कोच विवेक सांगवान ने बताया कि मानसी ने ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने के बाद प्रदेश स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ अब मानसी का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
सरपंच प्रतिनिधि संजीव कुमार ने कहा कि गांव की खेल नर्सरी के खिलाड़ी लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर गांव और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय कोच विवेक सांगवान के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को जाता है।