रेवाड़ी। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार कराने के मामले में आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ के गांव रायसिंहपुरा निवासी अमर सिंह के रूप में हुई है।
एसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 7 नवंबर को पुलिस को एनएच-48 के पास स्थित एक स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार होने की सूचना मिली थी। डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने बोगस ग्राहक के जरिए कार्रवाई की।
पुलिस ने वहां से 9 युवतियों को बरामद करके स्पा सेंटर के मालिक व मैनेजर के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में देह व्यापार की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके अमर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा है कि इस तरह की कानूनी एवं सामाजिक बुराई को फलने फूलने नहीं दिया जाएगा। इन प्रकार की छापामारी आगे भी भविष्य में जारी रहेगी।