पत्नी की हत्या के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद रामराये के व्यक्ति ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद था और तीन दिन पहले ही जमानत मिलने पर घर आया हुआ था।
पुलिस के अनुसार रामराये गांव निवासी 40 वर्षीय राजीव अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में तिहाड़ जेल दिल्ली में बंद था। 24 जून को वह जमानत पर बाहर आया था। 25 जून को वह जींद में अपने भाई के पास ठहरा और 26 जून को अपने पैतृक गांव रामराये चला गया। जहां पर रात को उसने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को आत्महत्या के बारे में रविवार सुबह उस समय पता चला जब राजीव कमरे से बाहर नहीं निकला। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को फंदे से उतार कर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भाई संजय ने बताया कि राजीव दिल्ली में निजी फर्म में काम करता था और परिवार के साथ वहीं पर रहता था। वर्ष 2018 में राजीव की पत्नी की मौत हो गई थी। इसमें राजीव पर हत्या का आरोप लगा था और वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में था। इसके चलते वह तनाव में था। जमानत पर आने के बाद उसने घर पहुंचकर फंदा लगा लिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।