जींद। अलेवा थाना क्षेत्र के गांव दिल्लूवाला में पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर कर ली है।
दिल्लूवाला निवासी रोहताश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 जुलाई की शाम वह खाना खाने के बाद रायचंद वाला रोड पर सुखबीर के घर की तरफ गए थे। रात को वह सुखबीर के बेटे के साथ बाइक पर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजेंद्र के खेत में बने कोठे के पास कच्चे रास्ते पर एक सफेद रंग की कार खड़ी थी। युवकों ने कार को आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। कार से चार युवक उतरे और उन पर हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए वह वहां से भागे लेकिन कुछ दूरी पर बाजरे के खेत में गिर गए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
परिजन घायल रोहताश को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शिकायत में रोहताश ने आरोप लगाया कि धर्मवीर के परिवार से चल रही पुरानी रंजिश के चलते धर्मवीर के बेटे कार्तिक ने बाहर से लोगों को बुलाकर हमला करवाया। पुलिस ने कार्तिक और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।