फोटो 5 नरवाना।शहर की चमेला कॉलोनी में डॉग स्क्वायड के साथ तलाशी लेते हुए पुलिस की टीम। स्रोत पु
नरवाना। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार अलसुबह शहर की चमेला कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक सर्च अभियान चलाया। डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा की अगुवाई में नरवाना और जींद पुलिस की कई टीमों ने संदिग्ध मकानों और ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने घरों की तलाशी लेने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। कार्रवाई में बिजली विभाग, वन विभाग, डॉग स्क्वायड और नशा मुक्ति टीम को भी शामिल किया गया। संयुक्त अभियान में शहर थाना, सदर थाना, गढ़ी थाना, उचाना थाना, सीआईए नरवाना और जींद के डिटेक्टिव स्टाफ सहित विभिन्न पुलिस चौकियों की टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने कॉलोनी में कई स्थानों पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान 18 मकानों में बिजली की अवैध सप्लाई पकड़ी गई। बिजली विभाग की टीम ने संबंधित मामलों में करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, वन विभाग की जांच में नौ मकानों में अवैध लकड़ी मिलने की बात सामने आई। सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने एक कार, दो मोटरसाइकिल और कई घरेलू सामान भी कब्जे में लिए। पुलिस की इस कार्रवाई से कॉलोनी में काफी देर तक हलचल बनी रही। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़ी शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया है।
यह सामान हुआ सर्च अभियान में बरामद
पुलिस को अभियान के दौरान एक कार और दो मोटरसाइकिल, एक एसी और एक फ्रिज, एक कूलर और एक पंखा, एक गैस सिलेंडर और दो गैस चूल्हे, 18 मकानों में बिजली की अवैध सप्लाई पकड़ी गई। बिजली विभाग ने करीब दो लाख रुपये जुर्माना लगाया। नौ मकानों में अवैध लकड़ी मिली।
नशे की बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। नशे की बिक्री या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
कमलदीप राणा, डीएसपी