जींद। शहर थाना सफीदों पुलिस ने युवक पर फायर कर जानलेवा हमला करने और युवक के मुंह पर पेशाब करने के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
रविदास मोहल्ला निवासी नवीन ने 19 फरवरी को पुलिस को एफआईआर में बताया था कि वह अपने दोस्त रोहित, अजमुद्दीन के साथ हुडा ग्राउंड में खा-पी रहे थे। उसी दौरान डिग्ग्गी मोहल्ला निवासी अरुण अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और तीनों पर रॉड और डडों से हमला कर दिया।
उसी दौरान अरुण ने असलहा से फायर कर दिया। गोली उनके कान के पास से निकल गई और वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपियों ने उनके मुंह पर पेशाब भी किया और घटना की वीडियो बनाकर वायरल कर दी।
बेसुध होने पर आरोपी उन्हें छोड़ कर भाग गए थे। पुलिस ने अरुण, मोहित, अभिनव, कृष, संजू, निवेश, आजाद के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि मुख्य आरोपी अरुण फरार चल रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते अरुण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।