02जेएनडी15:कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु। स्रोत क्लब।
नरवाना। फाल्गुन मास के पावन अवसर पर लायंस क्लब से संबद्ध स्थानीय लायंस क्लब परिवार द्वारा बाबा श्याम जी का भव्य कीर्तन श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर बाबा श्याम का आकर्षक फूलों, दिव्य आभूषणों और मनोहारी सजावट से भव्य शृंगार किया गया। सुसज्जित दरबार की अलौकिक छटा ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक राहुल सिंगला और सोनू बत्रा ने अपने मधुर भजनों से समां बांध दिया।
श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे। वहीं पंडित नवीन पंडित ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में एकता, प्रेम और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। लायंस क्लब परिवार ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।