गांव नंदरामपुर बांस में समस्या बताते ग्रामीण। स्रोत :
धारूहेड़ा। गांव नंदरामपुर बांस की फिरनी पर पिछले एक महीने से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोग अंधेरे में रास्ता पार करने और घर लौटने को मजबूर हैं। इससे न केवल असुविधा हो रही है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है।
गांव के समाजसेवी नेमीचंद प्रजापत ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांव के कई लोग रोजाना दिल्ली और गुरुग्राम जैसे शहरों में काम करते हैं और देर शाम को जब वे घर लौटते हैं तो गांव की फिरनी पर घना अंधेरा रहता है। इससे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली खंभों पर लगी लाइटें खराब हैं या उनमें कनेक्शन की समस्या है लेकिन विभाग के कर्मचारी कोई ध्यान नहीं दे रहे। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गांववासियों ने कहा है कि फिरनी पर लगी खराब लाइटों को दुरुस्त करवाया जाए, ताकि लोगों को अंधेरे में चलने की परेशानी से राहत मिल सके।