जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सोनीपत-जींद रूट पर नियमित रफ्तार भर रही है। रविवार सुबह ट्रेन जींद जंक्शन से 37 यात्रियों को लेकर निर्धारित समय पर रवाना हुई। ट्रेन में अब तक 4500 से अधिक यात्री इसमें सफर कर चुके हैं।
यात्री सोमबीर, रूपेश, सोनिया, स्वीटी, कामना ने ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि सफर बेहद आरामदायक रहा। ट्रेन के संचालन के दौरान शोर न के बराबर सुनाई देता है जिससे यात्रा का अनुभव सामान्य ट्रेनों की तुलना में अधिक शांत और सुखद रहता है।
यात्रियों ने कोचों की साफ-सफाई, आरामदायक सीटों और व्यवस्थित रखरखाव की भी प्रशंसा की। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित संचालन सफलतापूर्वक जारी है और रोजाना यात्री इसमें सफर कर रहे हैं। ट्रेन पर्यावरण अनुकूल तकनीक पर आधारित है, जिससे प्रदूषण कम करने के साथ हरित परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है।
यात्रियों का मानना है कि भविष्य में इस तरह की ट्रेनों का विस्तार अन्य रेल मार्गों पर भी किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को आधुनिक तथा पर्यावरण हितैषी रेल सेवा का लाभ मिल सके। संवाद