11जेएनडी15: आयोजित कार्यक्रम में मौजूद अतिथि सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले प्रति
जींद। एलसीसी बीएफएसआई ने शनिवार को एक निजी होटल में राष्ट्रीय उत्कृष्टता एवं प्रेरणा सम्मान 2026 कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए कार्यरत है। इसमें प्रदेशभर से बैंक अधिकारी, शिक्षाविद्, चिकित्सक, साहित्यकार, रंगकर्मी, उद्योगपति, समाजसेवी और युवा पेशेवर शामिल हुए।
मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के प्राचार्य रविंद्र कुमार मुख्य अतिथि थे। आधारशिला पब्लिक स्कूल की चेयरपर्सन अंजू सिहाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। रविंद्र कुमार ने कहा कि एलसीसी बीएफएसआई युवाओं को रोजगार से जोड़ रहा है। यह समाज की प्रेरणादायी प्रतिभाओं को सम्मानित कर सामाजिक चेतना को मजबूत बना रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। अंजू सिहाग ने कहा कि उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
कार्यक्रम में शिक्षा, बैंकिंग, चिकित्सा, साहित्य, कला, रंगमंच, संस्कृति, समाजसेवा और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। संस्थापक प्रवीण दुग्गल ने बताया कि संस्था ने पिछले 12 वर्षों में 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाया है। इन युवाओं को सरकारी और निजी बैंकों तथा वित्तीय संस्थानों में रोजगार मिला है। इस अवसर पर नवीन दहिया, सीमा मलिक, सुमिता आसरी, सुभाष ढिगाना, रंगकर्मी रमेश मूर्ति, राजेश भोला, मंगत राम शास्त्री, मंजू मानव और हनीफ भट्टी मौजूद रहे।