जींद। सिरसा के अधिवक्ता केवल कंबोज पर 17 जनवरी को हमला करने के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड रखा। अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वर्क सस्पेंड जारी रहेगा। मंगलवार को कोर्ट में वर्क सस्पेंड के चलते कामकाज पूरी तरह से प्रभावित रहा। जिन लोगों के मामलों की सुनवाई थी वह भी वापस लौट गए। इस दौरान कार्यवाहक प्रधान विकास लोहान, अधिवक्ता घनश्याम गोयल, जेपी जांगड़ा, पंकज मुंडे, विनोद टिंडल, वीरेंद्र घोघड़ियां मौजूद रहे।
यह है पूरा मामला
सिरसा के अधिवक्ता केवल कंबोज ने बताया था कि 17 जनवरी को वह घर पर थे। इस दौरान चौबुर्जा हाल प्रेमनगर सिरसा निवासी प्रमोद का फोन आया जो किराना की दुकान चलाता है। उसने उन्हें अपनी दुकान पर बुलाया। जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकानदार ने उनसे दवा के 300 रुपये मांगे। इस पर उन्होंने कहा कि मैंने तो कोई दवाई नहीं ली थी। दुकानदार तैश में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया। इसके बाद लोहे की पत्ती से उन पर हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने उसके चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।