जींद। महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 12 जुलाई कर दी है।
अब दाखिले का शैक्षणिक सत्र 2026-27 का संशोधित प्रवेश कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। जो विद्यार्थी किसी कारणवंश अब तक आवेदन नहीं कर सके थे वह अब निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण कर सकेंगे।
संत शिरोमणि श्री सैन भगत राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यवान मलिक ने कहा कि स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन का समय बढ़ना विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों का किसी कारण से आवेदन नहीं हो पाया था, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
नए शैक्षणिक सत्र में सभी राजकीय और संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसार होंगे। इसके तहत चार वर्षीय बहुविषयक स्नातक पाठ्यक्रम लागू रहेगा। इसमें मुख्य विषय, गौण विषय, बहुविषयक अध्ययन, क्षमता संवर्धन पाठ्यक्रम, कौशल विकास पाठ्यक्रम, मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण तथा शोध परियोजना को शामिल किया गया है।
अलग-अलग वर्षों पर मिलेंगी डिग्रियां
नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को बहु-प्रवेश और बहु-निर्गमन की सुविधा भी मिलेगी। निर्धारित शर्तें पूरी करने पर एक वर्ष बाद स्नातक प्रमाणपत्र, दो वर्ष बाद स्नातक डिप्लोमा, तीन वर्ष बाद मुख्य विषय में स्नातक उपाधि और चार वर्ष पूरे करने पर स्नातक ऑनर्स अथवा शोध सहित ऑनर्स उपाधि प्रदान की जाएगी।
विज्ञान संकाय के पाठ्यक्रमों के नाम बदले, विद्यार्थियों से समय पर पंजीकरण की अपील
विभाग ने विज्ञान संकाय के कुछ पाठ्यक्रमों के नाम भी बदले हैं। चिकित्सा वर्ग की विज्ञान स्नातक को अब जीवन विज्ञान स्नातक तथा गैर-चिकित्सा वर्ग की विज्ञान स्नातक को भौतिक विज्ञान स्नातक के नाम से जाना जाएगा। विभाग ने विद्यार्थियों से बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ उठाकर समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है।