29जेएनडी07: स्कूल में सुबह के समय अभ्यास के लिए पहुंचे खिलाड़ी। संवाद
रामराय। पोंकरी खेड़ी गांव में संचालित एथलेटिक्स और कबड्डी खेल नर्सरियों के खिलाड़ियों को पर्याप्त स्टेडियम नहीं मिलने से नियमित अभ्यास प्रभावित हो रहा है। खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या के बीच मौजूदा स्टेडियम छोटा पड़ रहा है।
गांव में स्टेडियम की कमी के कारण प्रतिभाओं के बेहतर प्रशिक्षण पर भी असर पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए नर्सरी के कोच ग्राम पंचायत की खाली भूमि को स्टेडियम के रूप में उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सरपंच को ज्ञापन सौंपेंगे।
कबड्डी नर्सरी के कोच अमित जागलान ने बताया कि गांव में एथलेटिक्स और कबड्डी की दो खेल नर्सरियां संचालित हैं जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास करते हैं। खिलाड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण वर्तमान स्टेडियम अब पर्याप्त नहीं रह गया है। कई बार खिलाड़ियों को सीमित जगह में अभ्यास करना पड़ता है। इससे उनकी तैयारी प्रभावित होती है और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।
महिला कोच मोनिका ने बताया कि ग्राम पंचायत की एक खाली भूमि उपलब्ध है जिसे स्टेडियम के रूप में विकसित किया जा सकता है। यदि यह भूमि खेल विभाग या खेल नर्सरी को उपलब्ध करा दी जाए तो खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे व्यवस्थित तरीके से अभ्यास कर सकेंगे। इससे गांव के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
बाक्स
गांव में खेल नर्सरी के लिए मैदान की मांग को लेकर बुधवार को सरपंच को ज्ञापन सौंपा जाएगा ताकि खिलाड़ियों को बेहतर स्टेडियम मिल सके। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है लेकिन संसाधनों के अभाव में खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
-अमित जागलान, कोच