निडाना गांव में शोक जताने पहुंचे विश्नोई
- फोटो : bureau
निडाना गांव में पिछले दिनों में कुएं में जहरीली गैस की वजह से मारे गए पांच युवकों की बृहस्पतिवार को तेहरवीं हुई। तेहरवी के मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई, आम आदमी पार्टी से दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप और आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद पीड़ित के आश्रितों को सांत्वना देने के लिए पहुंचे। कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने इस हादसे को सरकार की नाकामी करार देते हुए कहा कि अगर समय रहते सरकार कदम उठाती, तो यह हादसा नहीं होता। निडाना गांव में पेयजल की भारी किल्लत है। इस हादसे के बाद सरकार को जाग जाना चाहिए और पेयजल के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
आप ने दी एक लाख की आर्थिक मदद
आम आदमी पार्टी से दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप और आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद पीड़ित के आश्रितों को सांत्वना देने निडाना गांव पहुंचे और मृतकों के बच्चों को शिक्षा के लिए एक लाख की राशि दी। आप प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि अगर गांव में पेयजल की व्यवस्था होती, तो इतना बड़ा हादसा कभी नहीं होता। कहा कि सरकार को पीड़ितों के आश्रितों के जीवन यापन के लिए 20 लाख रुपये और एक परिजन को सरकारी नौकरी देनी चाहिए, ताकि परिवार का गुजर बसर हो सके। इसके अलावा गांव में पेयजल की किल्लत को दूर करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।