18जेएनडी21-तहसील कार्यालय में धरने पर बैठे किसान। स्रोत किसान
नरवाना। रबी सीजन 2026 की फसल खरीद को लेकर सरकार के जारी दिशा-निर्देशों का किसान सभा ने विरोध जताया है। संगठन ने नियमों को अव्यवहारिक बताते हुए तुरंत वापस लेने और पुरानी खरीद व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
किसान सभा हरियाणा के राज्य प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से ऑनलाइन पोर्टल पंजीकरण, ट्रैक्टर नंबर प्लेट की अनिवार्यता, मंडी गेट पर अंगूठे के निशान या ओटीपी सत्यापन जैसी शर्तें लागू करना किसानों के लिए परेशानी का कारण बनेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन नियमों से किसानों को मंडियों में फसल बेचने के लिए लंबी कतारों और घंटों इंतजार का सामना करना पड़ेगा। किसान नेताओं ने बताया कि गेहूं का सीजन सीमित समय का होता है और इस दौरान मंडियों में फसल की आवक अधिक रहती है।
ऐसे में नई प्रक्रिया लागू होने से खरीद व्यवस्था बाधित होगी और किसान समय पर अपनी उपज नहीं बेच पाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकांश किसानों के पास इतने संसाधन नहीं हैं कि वे लंबे समय तक मंडियों में इंतजार कर सकें।
उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों के हित में सरल और व्यवहारिक व्यवस्था लागू की जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो राज्य कमेटी की बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।