गली में खेल रही दो साल की बच्ची का बुधवार की रात साढ़े आठ बजे एक व्यक्ति ने अपहरण कर लिया। वह बच्ची को स्टेशन के पास ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इसी समय बच्ची का पिता पीछा करते हुए मौके पर पहुंच गया और बेटी को बचाया। उचाना मंडी क्षेत्र की एक कॉलोनी में हुई वारदात के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद कर पांच-छह अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बच्ची के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 24 जुलाई रात को करीब साढ़े आठ बजे उसकी दो साल की बेटी गली में खेल रही थी। उचाना मंडी निवासी चंद्र नशे की हालत में मोटरसाइकिल से आया और बेटी को उठा कर ले गया। वहां पर खेल रहे बच्चों ने इसकी सूचना उसे दी, जिस पर उसका पीछा किया गया। चंद्र बच्ची को रेलवे स्टेशन के पास ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। इस दौरान वह पहुंच गया और बेटी को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। उसने बताया कि कुछ देर बाद चंद्र अपने पांच-छह साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आया और गाली निकालने लगा। शोर मचाते हुए जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद फिर गली में आकर उसके मकान के दरवाजे पर ईंट मारी। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि चंद्र सिंह को नामजद कर पांच-छह अन्य के खिलाफ बच्ची के अपहरण करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि बच्ची के पिता ने दो अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को दिए हैं, लेकिन पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।