जाट धर्मशाला में आयोजित बैठक में भाग लेते कंडेला खाप के लोग। संवाद
- फोटो : Jind
जाट धर्मशाला में बुधवार को सर्वजातीय कंडेला खाप की बैठक ईश्वर लोहचब की अध्यक्षता में हुई। बैठक में खाप के 14 गांवों के गण्यमान्य लोगों ने भाग लिया और कार्यकारिणी के विस्तार के लिए सदस्यों को मनोनीत किया। हालांकि खाप के दो पूर्व प्रधान नए प्रधान का विरोध करते हुए उनके चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
बैठक में गांव बरसाना निवासी रघुवीर भारद्वाज को वरिष्ठ उपप्रधान, महावीर रायचंदवाला को उपप्रधान, बिजेंद्र शाहपुर को उपप्रधान, एडवोकेट रणधीर सिंह बोहताला को कानूनी सलाहकार, ईश्वर लोहचब को संरक्षक व जगत सिंह रेड्ढू को प्रेस प्रवक्ता मनोनीत किया गया। इसके साथ ही 14 गांवों में से एक-एक व्यक्ति को कार्यकारिणी सदस्य चुना जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से ओमप्रकाश कंडेला को खाप का प्रधान माना गया। ईश्वर लोहचब ने बताया कि कंडेला गांव के लोगों ने ओमप्रकाश को प्रधान चुना है। बुधवार को कार्यकारिणी चुनने के लिए बैठक बुलाई थी। 36 बिरादरी के लोगों को कार्यकारिणी में शामिल किया जाएगा।
पार्टी विशेष से जुड़े लोग हैं : कंडेला
पूर्व प्रधान टेकराम कंडेला ने कहा कि प्रधान चुनने के लिए जल्द ही खाप की बैठक बुलाई जाएगी। कंडेला खाप में 14 नहीं अभी भी 28 गांव हैं। कोई दूसरी खाप नहीं बनी है। उन्होंने बैठक पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग खाप प्रधान चुनने की बात कर रहे हैं वे एक पार्टी विशेष से जुड़े हुए लोग हैं। यह पूरी खाप का फैसला नहीं है।