06जेएनडी05: भारत में बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को वैश्विक सफलता मिलने की जानकारी दे
जींद। भारत में बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी वैश्विक सफलता मिली है। गैर सरकारी संगठन एमडीडी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सहयोगी जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन (जेआरसी) की पहल के बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 27 नवंबर को बाल विवाह समाप्त करने के लिए समर्पित अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया है।
नरेंद्र शर्मा जिला समन्वयक ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि जेआरसी के संस्थापक भुवन ऋभु ने मार्च 2026 में संयुक्त राष्ट्र में बाल विवाह के खात्मे के लिए अलग अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने की पहल रखी थी। इसके बाद सिएरा लियोन ने भारत समेत 67 देशों के समर्थन वाला प्रस्ताव महासभा में पेश किया जिसे चार सितंबर को मंजूरी मिली।
जेआरसी अपने सहयोगी संगठनों के साथ देश के सभी 782 जिलों में बाल विवाह के खिलाफ अभियान चला रहा है। संगठन के अनुसार, सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से अब तक 5.50 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं।
एमडीडी ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुरेंद्र सिंह मान ने जेआरसी और भुवन ऋभु को बधाई देते हुए कहा कि भारत से उठी आवाज आज पूरी दुनिया का संकल्प बन गई है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की मान्यता से बाल विवाह के खिलाफ अभियान को नई वैश्विक ऊर्जा मिलेगी। अब जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि हर बच्चे को बाल विवाह मुक्त बचपन मिले।