फोटो 2 नरवाना। डॉग स्क्वाड की टीम जांच करते हुए। स्रोत पुलिस।
नरवाना। पुलिस ने मंगलवार को नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ ऑपरेशन न्यू डाउन के तहत संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान शहर की चमेला कॉलोनी और गांव धमतान साहिब में घर-घर जाकर तलाशी ली गई। अभियान में पुलिस, बिजली विभाग और डॉग स्क्वाड की टीमें शामिल रहीं।
तलाशी के दौरान किसी भी घर से नशीला पदार्थ या अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। जांच के दौरान आठ संदिग्ध मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया।
संयुक्त अभियान के दौरान बिजली विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए चमेला कॉलोनी में छह और गांव धमतान साहिब में सात बिजली चोरी के मामले पकड़े। सभी मामलों में करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह अभियान डीएसपी कमलदीप राणा के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें थाना शहर नरवाना, सीआईए स्टाफ, थाना गढ़ी, धमतान साहिब चौकी, बिजली विभाग और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम शामिल रही।
डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।